Gwaliore News: कोचिंग में पढ़ने वाली छात्रा के साथ गैंगरेप, छात्रा के विरोध करने पर ब्रिज से नीचे फेंका

Rashtrabaan

ग्वालियर, राष्ट्रबाण। मध्यप्रदेश में बलात्कार की घटनाओं का इजाफा देखा जा रहा है। ताजा मामला मध्य प्रदेश के ग्वालियर से सामने आया है। यहां पर ट्यूशन जा रही नाबालिग छात्रा को दो युवक जबरन मोटरसाइकिल पर बिठाकर सुनसान जगह ले गए। जहां उसके साथ सामूहिक बलात्कार कर उसे ब्रिज से नीचे फेंक दिया। दरअसल छात्रा की उम्र 15 साल बताई जा रही है। घटना का पता तब चला जब तीन दिन बाद नाबालिग को होश आया। लड़की जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही है। उसकी रीढ़ की हड्डी, पसलिया टूट गई हैं और शरीर में कई जगह फ्रैक्चर है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निरंजन शर्मा ने बताया कि घटना 29 जनवरी को जिले के डबरा कस्बे में हुई। लड़की पढ़ने के लिए कोचिंग जा रही थी, तभी दो युवकों ने उसे मोटरसाइकिल पर जबरदस्ती बिठा लिया और बाद में उसके साथ दुष्कर्म किया। शर्मा ने बताया कि लड़की के शोर मचाने पर आरोपियों ने उसे ऊंचाई (सहराई ब्रिज) से धक्का दे दिया। घटना में लड़की गंभीर रूप से घायल हो गई। शर्मा ने कहा कि लड़की ने गुरुवार को शिकायत दर्ज कराई जिसके बाद यौन अपराधों से बच्चों के संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम और भारतीय दंड संहिता की धारा 376 डी (सामूहिक बलात्कार) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस ने इस मामले में बॉबी रावत को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं घायल छात्रा का उपचार अस्पताल में किया जा रहा है।

- Advertisement -
error: Content is protected !!