हरदा, राष्ट्रबाण। एमपी के हरदा में फटाखा फैक्ट्री में भीषण आग लगने से कई ब्लास्ट हो रहे हैं। इस हादसे में अब तक 2 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। जबकि फटाखा फैक्ट्री के आसपास के इलाके में बने लगभग 100 मकानों को खाली करवा दिया गया है। दरअसल घटना मंगलवार सुबह की बताई जा रही है। हरदा के मगरधा रोड पर स्थित एक अवैध पटाखा फैक्ट्री में जोरदार धमाका होने के बाद एक के बाद एक हुए कई धमाकों से फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। सुबह से ही फैक्ट्री से आग की ऊंची-ऊंची लपटें उठ रही हैं। आग बुझाने के लिए दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंची है। फैक्ट्री के अंदर कई लोगों के फंसने की आशंका है। जिन्हें निकालने की कोशिश की जा रही है। फिलहाल यह पता नहीं चल सका है कि अंदर कितने लोग फंसे हुए हैं। धमाका इतना भीषण था कि फैक्ट्री से आग का गुबार उठते हुए दिखाई दिया। जानकारी के अनुसार, फैक्ट्री में आतिशबाजी के लिए रखे बारूद के संपर्क में आकर आग ने जल्द ही विकराल रूप धारण कर लिया। इसकी वजह से क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया। लोग इधर-उधर भागते नजर आए। फैक्ट्री से उठतीं आग की लपटें और धुएं का गुबार दूर से देखा जा सकता है। घटना की सूचना मिलने के बाद दमकल की कई गाड़ियों को मौके के लिए रवाना कर दिया गया है। फिलहाल फैक्ट्री में आग लगने के कारण का पता नहीं चला है। बताया जा रहा है कि आसपास के घर भी आग की चपेट में आ गए हैं। मौके पर प्रशासन का अमला पहुंच रहा है।
दो लोगों की मौत
अवैध पटाखा फैक्ट्री में हुए विस्फोट में दो लोगों की मौत हो गई जबकि कई लोग घायल हो गए। प्रशासन आग पर काबू पाने की कोशिश कर रहा है जो अब हरदा जिले के बैरागढ़ इलाके में आसपास के 60 से अधिक घरों में फैल गई है। प्रशासन ने एहतियातन 100 से ज्यादा घरों को खाली करा लिया है। फैक्ट्री में लगातार धमाके हो रहे हैं। प्रशासन की मदद करने की कोशिश कर रहे एक स्थानीय निवासी धीरेंद्र सैनी ने कहा, ‘फिलहाल, घटनास्थल से चार शव बरामद किए गए हैं और चार घायलों को अस्पताल भेजा गया है।’