नोएडा। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में इन दिनों भीषण गर्मी और हीट वेव का असर लगातार बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार 24 और 25 अप्रैल को तापमान अपने चरम पर बना रहेगा और लोगों को तेज गर्म हवाओं का सामना करना पड़ेगा।
24 अप्रैल को अधिकतम तापमान लगभग 43 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 25 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि 25 अप्रैल को भी अधिकतम तापमान 43 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है। इन दोनों दिनों में दोपहर और शाम के समय हीट वेव की स्थिति बनी रहेगी।
हालांकि, 26 अप्रैल से मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। इस दिन अधिकतम तापमान में हल्की गिरावट के साथ 42 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री रहने की संभावना है। आसमान में आंशिक बादल छाए रहेंगे और कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश भी हो सकती है। 27 अप्रैल से 29 अप्रैल तक मौसम अपेक्षाकृत राहत भरा रहेगा। इन दिनों तापमान 41-42 डिग्री के बीच रहेगा और आसमान में आंशिक बादल छाए रहेंगे। मौसम विभाग ने इन दिनों के लिए किसी प्रकार की चेतावनी जारी नहीं की है।
वहीं दूसरी ओर, वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) भी चिंता का विषय बना हुआ है। एनसीआर के कई इलाकों में हवा की गुणवत्ता खराब से बेहद खराब श्रेणी में पहुंच गई है। दिल्ली के आनंद विहार में एक्यूआई 318 दर्ज किया गया, जो रेड जोन में आता है। लोनी (गाजियाबाद) में एक्यूआई 361 और वेद विहार-लोनी में 353 दर्ज किया गया, जो बेहद खराब श्रेणी को दर्शाता है। इसके अलावा संजय नगर (293), इंदिरापुरम (272) और गोविंदपुरम (238) जैसे इलाकों में एक्यूआई ऑरेंज जोन में बना हुआ है।
ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क-5 में एक्यूआई 318 और नॉलेज पार्क-3 में 235 दर्ज किया गया, जो क्रमशः रेड और ऑरेंज श्रेणी में आता है। इसी तरह दिल्ली के अशोक विहार (219), चांदनी चौक (210), सीआरआरआई मथुरा रोड (194) और बुराड़ी क्रॉसिंग (179) में भी हवा की गुणवत्ता संतोषजनक नहीं है।
विशेषज्ञों का कहना है कि तेज हवाओं और धूल के कारण एक्यूआई में उतार-चढ़ाव बना रहेगा। लोगों को सलाह दी गई है कि अत्यधिक गर्मी में बाहर निकलने से बचें, पर्याप्त पानी पिएं और संवेदनशील लोग मास्क का उपयोग करें। आने वाले दिनों में हल्की बारिश और बादलों की आवाजाही से तापमान में गिरावट और प्रदूषण में कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।

