जबलपुर, राष्ट्रबाण। गणेश पंडालों में लोगों द्वारा सार्वजनिक स्थानों पर गणेश भगवान की स्थापना कर उनका पूजा पाठ किया जा रहा हैम लेकिन इसी बीच जबलपुर के गणेश पंडाल में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब वहां अचानक हो अज्ञात बाइक सवारों ने फायरिंग कर दी। इस हादसे में एक युवक घायल हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुँचकर जांच पड़ताल की जिसके बाद अज्ञात बाइक सवारों की पुलिस ने तलाश शुरू कर दी है। दरअसल यह घटना मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले के गोहलपुर थाना क्षेत्र बधैया मोहल्ले की बताई जा रही है। पंडाल में मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी और घायल युवक रविन्द्र गुप्ता को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, जबलपुर के गोहलपुर थाना अंतर्गत बधैयापुरा में गणेश जी की प्रतिमा स्थापित की गई है। बीती रात मोटरसाइकिल सवार कुछ बदमाश गणेश पंडाल पहुंचे और वहां बैठे लोगों पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इसमें ग्रीन सिटी निवासी रविंद्र गुप्ता (24) को एक गोली लग गई। यह घटना रात्रि 2:30 से 3:00 बजे के आसपास हुई। तीन मोटरसाइकिलों से 6 बदमाश पहुंचे थे। इनमें से दो युवकों ने दनादन फायरिंग की। गोलीकांड को अंजाम देने वाले बदमाश नकाब पहने थे। इस वजह से अब तक बदमाशों की शिनाख्त नहीं हो पाई है। गोली किसने और किन कारणों से चलाई उसका पता नहीं चल पाया है। पुलिस घटना की छानबीन कर रही है। क्षेत्र में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जबलपुर सीएसपी राजेश ने बताया की घटना बीती रात की है। गणेश पंडाल में युवक बैठा था। इस दौरान कुछ लोगों ने फायरिंग की। पुलिस ने विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि बदमाशों को जल्द पकड़ लिया जाएगा।
Jabalpur News: बाइक सवार युवकों ने गणेश पंडाल में की अंधाधुंध फायरिंग, मची अफरा-तफरी एक युवक घायल
