नीमच, राष्ट्रबाण। मध्य प्रदेश के नीमच जिले में एक लालची पति की करतूत सामने आई है। यहां एक पति ने दहेज के लिए सारी हदें पार कर दी। दरअसल दहेज के लालची एक पति द्वारा अपनी पत्नी को पहले कुएं में धकेलने और फिर खुद ही मोबाइल फोन में इस घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर अपने ससुराल वालों को भेजने का मामला सामने आया है। पीड़ित महिला अपनी जान बचाने के लिए दो घंटे तक रस्सी के सहारे कुएं में लटकी रही और मदद की गुहार लगाती रही। पुलिस ने वीडियो सामने आने के बाद आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। महिला की शिकायत के अनुसार, वह दो घंटे तक कुएं के अंदर रस्सी से लटकी रही और डूबने से बचाने की गुहार करती रही, जिसके बाद आरोपी पति ने उसे ऊपर खींच लिया।
- Advertisement -
ससुराल वालों से मांगे थे 5 लाख रुपए..
- Advertisement -
पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि उसके पति ने इस घटना का वीडियो भी बनाया और उस वीडियो को मेरे मायके वालों को भेजकर पांच लाख रुपयों का दहेज देने की मांग की। एक स्थानीय पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह घटना नीमच से 12 किलोमीटर दूर जावद थाना क्षेत्र में कीरों के खेड़ा में 21 अगस्त को हुई। जावद थाने के उपनिरीक्षक असलम खान ने बताया कि राजस्थान के प्रतापगढ़ के रठांजना थाना इलाके की उषा कीर की शादी तीन साल पहले मध्य प्रदेश के राकेश कीर से हुई थी और शादी के बाद से ही उसका पति लगातार दहेज की मांग कर रहा था। पुलिस अधिकारी ने बताया कि महिला की शिकायत एवं वीडियो सामने आने के बाद आरोपी के खिलाफ आईपीसी की धाराओं 498 , 323 एवं 506 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।