सतना, राष्ट्रबाण। सतना जिले के बाजार क्षेत्र के बिहारी चौक में मंगलवार रात उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक तीन मंजिला इमारत भरभराकर गिर गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। वहीं मौके पर बचाव कार्य जारी है। जबकि दर्जनों लोगों के दबे होने की सूचना आ रही है।अबतक पांच लोगों को बाहर निकाल लिया गया है। कुछ वाहन भी मलबे में दबे हुए हैं। यह हादसा रात को करीब 10 बजे हुआ। उक्त इमारत में रेडीमेड कपड़ों की दुकान और साड़ियों का शोरूम था। इसकी ऊपरी मंजिल पर रेनोवेशन का काम चल रहा था। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और नगर निगम की टीमें मौके पर पहुंच गई हैं। राहत एवं बचाव कार्य जारी है। घटनास्थल पर व्यापारियों और स्थानीय लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई है। विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा और महापौर योगेश ताम्रकार भी मौके पर पहुंच गए हैं। उन्होंने बताया कि हमें जानकारी मिली है कि इमारत में कुछ मरम्मत कार्य चल रहा था। इसी दौरान यह ढह गई। वहीं मलबे को हटाने के लिए जेसीबी बुलाई गई है। एहतियातन बिजली की सप्लाई बंद कर दी गई है। मलबे में दबे लोगों को बाहर निकालने की कोशिश जारी है। कितने लोग अंदर फंसे हैं इसे लेकर फिलहाल कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिली है। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। अधिकारियों ने अभी तक इमारत के ढहने का कारण नहीं बताया है।