उज्जैन, राष्ट्रबाण। OMG-2 फ़िल्म को लेकर अब महाकाल मंदिर के पुजारियों ने मोर्चा खोल दिया है। दरअसल उक्त फ़िल्म में भगवान शिव पर चरितार्थ सीन को लेकर पुजारियों ने आपत्ति दर्ज कर फिल्म मेकर्स को लीगल नोटिस भेजा है। दरअसल महाकाल मंदिर के पुजारियों का कहना है कि फिल्म में भगवान शिव का रूप गलत तरीके से दिखाया गया है। उन्हें बाजार में दुकान से कचोरी खरीदते दिखाया गया है। यह भगवान शिव के श्रद्धालुओं को आहत करता है। आपको बता दें कि OMG-2 11 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होना है। सेंसर बोर्ड ने फिल्म को A सर्टिफिकेट दिया है। यानी इसे 18 साल से कम आयु के लोग नहीं देख पाएंगे। इस पर महाकाल मंदिर के पुजारियों का कहना है कि ऐसा प्रतीत होता है कि इस फिल्म में अश्लील सीन हैं। महाकाल मंदिर के साथ इस तरह के दृश्य स्वीकार्य नहीं हैं।
लेटर में सार्वजनिक माफी मांगने को कहा…
नोटिस में कहा गया है कि लेटर मिलने के 24 घंटे के अंदर अपमानजनक दृश्यों को हटाया जाए। सार्वजनिक रूप से माफी मांगें। ऐसा न करने की पर फिल्म के सर्टिफिकेट को रद्द करने के लिए अपील की जाएगी। धार्मिक भावनाओं को आहत करने का केस दर्ज कराएंगे और उज्जैन में फिल्म के प्रदर्शन पर रोक के लिए मांग करेंगे। पं. महेश शर्मा ने कहा, इस फिल्म (OMG 2) में भगवान शिव के गलत चित्रण से उनके भक्तों की भावनाएं आहत होंगी।