भोपाल, राष्ट्रबाण। माँ की ममता के आगे सब कुछ छोटा दिखाई देता है। इसी प्रकार का मामला भोपाल से सामने आया है। यहां पर अपने मासूम बच्चे के 3 दिन से दूध न पीने से परेशान एक माँ ने फांसी के फंदे पर झूलकर आत्महत्या कर ली है। हालांकि अभी पुलिस इस मामले की सभी एंगल से जांच कर रही है। दरअसल यह घटना मंगलवार रात करीब 11:30 बजे की बताई जा रही है, जहां जवान की पत्नी का शव पेड़ पर फांसी के फंदे से लटका हुआ मिला। बताया जा रहा है कि 32 वर्षीय ममता कुमारी, लंबे समय से अपने 6 महीने के बच्चे को लेकर बहुत परेशान रहतीं थीं, बच्चा कई दिनों से दूध नहीं पी रहा था। बता दें कि ममता के पति संजीव कुमार जो कि ईएमई सेंटर में नायाब हवलदार के पद पर पदस्थ हैं। वह बिहार के रहने वाले हैं। पुलिस ने शव को हमीदिया अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। वहीं मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पड़ोसियों ने पति को दी जानकारी…
बैरागढ़ थान के एएसआई प्रवीण सिंह ने बताया कि मंगलवार रात संजीव कुमार की ड्यूटी पर थे, पड़ोसियों ने संजीव को फोन लगाकर बताया कि आपकी पत्नी ममता दिखाई नहीं दे रही हैं। बच्चा अकेला है, इस बीच संजीव घर लौटे और आसपास भी जगह ममता को ढूंढा, फिर रात करीब 11:30 बजे घर के पास स्थित एक पेड़ पर फांसी के फंदा से लटका हुआ उनकी पत्नी का शव मिला। जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। प्रवीण सिंह ने बताया कि अभी किसी प्रकार का कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। दूसरी तरफ प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि, वह लंबे समय से अपने 6 महीने के बच्चे को लेकर परेशान थीं। बताया जा रहा है कि बच्चा कई दिनों से दूध नहीं पी रहा था, उसको लेकर ममता बहुत ज्यादा परेशान रह रहीं थीं। अभी संभावना जताई जा सकती है कि शायद इसको लेकर ही उन्होंने आत्महत्या की होगी। पुलिस अभी मामले की जांच कर रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।