जबलपुर, राष्ट्रबाण। शुक्रवार को पूरे देश मे गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। वहीं जबलपुर में गणतंत्र दिवस पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने में बड़ी चूक सामने आई है। 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस पर व्यापारी संघ द्वारा झंडा वंदन का कार्यक्रम किया जा रहा था। इस दौरान भाजपा पार्षद ने झंडा उल्टा फहरा दिया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। दरअसल मामले में जबलपुर के महाराणा प्रताप वार्ड में भाजपा पार्षद द्वारा यह किया गया है। यह मामला महाराणा प्रताप वार्ड के धनवंतरी चौक पर रानी अवंति बाई प्रतिमा के सामने का है। राष्ट्रीय ध्वज को उल्टा देखते ही आनन-फानन में झंडा नीचे उतारा गया और फिर सीधा कर दोबारा से फहराया गया। वीडियो में साफ तौर पर देखा जा रहा है कि गणतंत्र दिवस पर फहराया गया राष्ट्रीय ध्वज उल्टा दिख रहा है। इसी बीच, किसी ने इस वीडियो को वायरल कर दिया। दरअसल, भाजपा पार्षद जीतू कटारे जबलपुर के महाराणा प्रताप वार्ड में व्यापारी संघ द्वारा आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे थे। यहां राष्ट्रगान के बाद झंडा रोहण का कार्यक्रम किया गया। इस दौरान भाजपा पार्षद जीतू कटारे द्वारा राष्ट्रगान बाद राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया, लेकिन ध्वज फहराते समय गलती से उल्टा फहरा दिया गया। आसपास खड़े लोगों ने देखा तो आनन फानन में राष्ट्रीय ध्वज को नीचे उतार कर सीधा किया गया और एक बार फिर राष्ट्रीय ध्वज को फहराया गया। गौरतलब है कि राष्ट्रीय ध्वज फहराते समय केसरिया रंग ऊपर की ओर होना चाहिए और हरा रंग नीचे की तरफ होना चाहिए। उल्टा झंडा फहराना राष्ट्रीय ध्वज का अपमान है और राष्ट्रीय ध्वज का अपमान करना कानूनन जुर्म है और इसके लिए सजा का प्रावधान भी है।