दमोह , राष्ट्रबाण। दमोह में साम्प्रदायिक सद्भभाव बिगाड़ने वाले 40 लोगों पर मामला दर्ज किया गया है। वहीं पुलिस ने फ्लैग मार्च निकालकर अपना शक्ति का प्रदर्शन किया है। दरअसल शनिवार को एक दर्जी के साथ कुछ लोगों का झगड़ा हो गया। इसके बाद एक समुदाय के लोगों ने पुलिस स्टेशन के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। शनिवार रात हुई घटना के संबंध में चार लोगों पर मामला दर्ज किया गया है। इनमें से एक को गिरफ्तार कर लिया गया है। यही नहीं पुलिस ने घटना के संबंध में विरोध प्रदर्शन करने और भड़काऊ भाषण देने के लिए 40 अज्ञात लोगों पर भी मामला दर्ज किया है। सभी पर सांप्रदायिक उन्माद फैलाने की धारा के तहत मामला दर्ज किया गया है। दरअसल कपड़े सिलने को लेकर चार लोगों का एक दर्जी से विवाद हो गया था। इसके कारण शनिवार रात उनके बीच हाथापाई हो गई। घटना के दौरान एक मौलवी के साथ भी कथित तौर पर मारपीट कर दी गई। इसके बाद बड़ी संख्या में समुदाय विशेष के लोग कोतवाली थाने के बाहर जमा हो गए। लोगों ने प्रदर्शन किया। भारी भीड़ के बीच माहौल तनावपूर्ण हो गया और व्यवस्थाएं बिगड़ गईं। रात 11 बजे तक थाने पर हंगामा होता रहा। बाद में बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। बताया जाता है कि पुलिस फोर्स ने पूरे शहर में फ्लैग मार्च निकाला और लोगों से शांति बरतने की अपील की।