भोपाल, राष्ट्रबाण। विधानसभा चुनाव से पहले राज्य शासन मध्यप्रदेश में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। यहां 29 डीसपी को प्रमोट कर एडिशनल एसपी बनाए गए हैं। 59 एएसपी के ट्रांसफर हुए। मध्यप्रदेश के गृह विभाग ने दो सीनियर आईपीएस के प्रमोशन किए हैं। वहीं गृह विभाग ने 19 थाना प्रभारियों को मानसेवी डीएसपी भी बनाया है। ये आदेश सोमवार को जारी हुए। रविवार रात 18 आईएएस के तबादले आदेश जारी हुए।
आईपीएस सुषमा और नकवी को मिला प्रमोशन
बता दें कि 1989 बैच की आईपीएस सुषमा सिंह को प्रमोट करते हुए विशेष पुलिस महानिदेशक, सतर्कता बनाया गया है। वे अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक, नारकोटिक्स का जिम्मा संभाल रही थीं। इसी तरह 1990 बैच के आईपीएस डॉ. एसडब्ल्यू नकवी को विशेष पुलिस महानिदेशक, नारकोटिक्स बनाया गया है। तो वहीं अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक, नराकोटिक्स के पद से प्रमोट किया गया है। आदेश सोमवार सुबह जारी किए गए।
19 थाना प्रभारियों का हुआ प्रमोशन, बने मानसेवी डीएसपी
बताया जा रहा है कि मध्य प्रदेश के गृह विभाग ने पुलिस रेगुलेशन के नियम 48 के तहत 19 निरीक्षकों को मानसेवी डीएसपी बनाया है। इनमें 6 निरीक्षक, 5 कंपनी कमांडर, दो निरीक्षक (रेडियो), दो निरीक्षक (स्पेशल ब्रांच), 4 निरीक्षक (शीघ्र लेखकों) को प्रमोशन दिया गया है।
13 आईएसएस के तबादले, 5 जिलों के बदले कलेक्टर
बता दें कि मध्यप्रदेश शासन ने रविवार आधी रात को 18 आईएएस के तबादला आदेश जारी किए हैं। जिनमें 5 जिलों के कलेक्टर और 4 संभागों के आयुक्त भी बदले गए हैं। भोपाल संभाग के कमिश्नर माल सिंह भयडिया को इंदौर संभागायुक्त बनाया गया है। तो वहीं इंदौर के कमिश्नर डॉ. पवन कुमार शर्मा को भोपाल का संभागायुक्त बनाया गया है। रविवार रात करीब पौने 12 बजे आईएएस के दो तबादला आदेश जारी हुए हैं। पहले ऑर्डर 13 आईएएस अफसरों के तबादले का है। इनमें गुना, भिंड, पन्ना, उमरिया और छिंदवाड़ा के कलेक्टरों का भी तबादला किया गया है। दूसरे आदेश में 5 वरिष्ठ आईएएस अफसरों के तबादले किए गए हैं। जिनमें श्रीकांत भनोट को श्रम आयुक्त इंदौर, तरुण राठी को कलेक्टर गुना, भोपाल नगर निगम कमिश्नर बीएस चौधरी कोलसानी को नगरीय विकास एवं आवास विभाग में उप सचिव बनाया गया है।
एक नजर में तबादला आदेश…
- संजीव श्रीवास्तव को भिंड कलेक्टर बनाया है। मनोज पुष्प अब छिंदवाड़ा के कलेक्टर होंगे।
- पन्ना कलेक्टर संजय कुमार मिश्रा को मध्यप्रदेश शासन में उप सचिव बनाया गया है।
- उमरिया कलेक्टर कृष्ण देव त्रिपाठी को माध्यमिक शिक्षा मंडल भोपाल में सचिव बनाया गया है।
- भिंड कलेक्टर सतीश कुमार एस मध्यप्रदेश स्टेट कोऑपरेटिव डेयरी फेडरेशन लिमिटेड भोपाल के प्रबंध संचालक बनाए गए हैं। इसके साथ ही उनके पास पशुपालन एवं डेयरी विभाग के उप सचिव का भी चार्ज रहेगा।
- गुना कलेक्टर फ्रेंक नोबेल ए भोपाल नगर निगम के कमिश्नर बनाए गए हैं। उनके पास एमपी मेट्रो रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड के प्रबंध संचालक का अतिरिक्त प्रभार रहेगा।
- छिंदवाड़ा कलेक्टर शीतला पटले मुख्यमंत्री कार्यालय में उप सचिव बनाई गई हैं। इसके साथ ही उन्हें मध्यप्रदेश स्किल डेवलपमेंट प्रोजेक्ट परियोजना संचालक का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है ।
- भोपाल विकास प्राधिकरण के सीईओ बुद्धेश कुमार वैद्य उमरिया के कलेक्टर होंगे।
- भोपाल नगर निगम के अपर आयुक्त संदीप केरकेट्टा भोपाल विकास प्राधिकरण (बीडीए) के मुख्य कार्यपालन अधिकारी बनाए गए हैं।