Bhopal News: गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा का आरोप जन आशीर्वाद यात्रा पर पथराव करने वाले कांग्रेसी

Rashtrabaan
Highlights
  • पेड़ के पीछे छिपकर की गई थी बीजेपी की रथ यात्रा पर पत्थरबाजी

भोपाल, राष्ट्रबाण। मध्य प्रदेश में नीमच जिले में हुई बीजेपी की जन आशीर्वाद यात्रा पर पथराव के बाद अब गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने बड़ा बयान दिया है। दरअसल नीमच में हुए पथराव के बाद यहां पुलिस ऐक्शन में है। पुलिस ने इस मामले में सात लोगों पर केस दर्ज किया है। बुधवार को इस बात की जानकारी देते हुए नरोत्तम मिश्रा ने यह भी दावा किया है कि हमलावर कांग्रेस पार्टी से जुड़े थे। इससे पहले मध्य प्रदेश बीजेपी प्रमुख वीडी शर्मा ने आरोप लगाया था कि मंगलवार की शाम जब नीमच में बीजेपी की जन आशीर्वाद यात्रा चल रही थी तब इस यात्रा पर कांग्रेस समर्थकों ने पत्थर फेंका था। हालांकि, कांग्रेस ने बीजेपी के इन आरोपों से पल्ला झाड़ते हुए कहा था कि राज्य की सरकार के खिलाफ जनता में गुस्सा है और यह पथराव शिवराज सिंह चौहान सरकार से गुस्सा का ही परिणाम है। इस बयान के बाद रीवा में पत्रकारों से बातचीत में मध्य प्रदेश कांग्रेस प्रमुख कमलनाथ ने कहा कि मणिपुर की तरफ ही मध्य प्रदेश में भी पत्थरबाजी हो सकती है। इसके अलावा कांग्रेस के राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने भी हरियाणा के नूंह में हुई हिंसा का उदाहरण देते हुए कहा है कि ऐसा मध्य प्रदेश में भी हो सकता है। गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने दावा किया, ‘वो सभी उकसाने वाले लोग थे। नीमच में पत्थरबाजी को लेकर 7 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। इनमें खेमा गुर्जर भी शामिल हैं। खेमा गुर्जर कांग्रेस से जुड़े हैं। कांग्रेस घबराहट में आकर यह सब तरकीब लगा रही है।’

- Advertisement -

Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!