Indore News: 7 साल की मासूम का अपहरण, लोन नही चुकाने पर महिला ने किया था किडनैप, चंद घण्टों में पुलिस ने किया गिरफ्तार

Rashtrabaan

इंदौर, राष्ट्रबाण। मध्यप्रदेश के इंदौर में एक 7 वर्षीय मासूम के अपहरण की घटना सामने आई है। घटना के कुछ घण्टों बाद ही पुलिस ने किनेपर को हिरासत में ले लिया है। दरअसल लोन नहीं चुकाने पर कर्ज लेने वाली महिला की बेटी को एक महिला ने किडनैप कर लिया था। वारदात रावजी बाजार थाना क्षेत्र के साउथ तोड़ा में रविवार की है। पुलिस को आरोपी महिला का सुराग सीसीटीवी फुटेज से लगा था। पुलिस ने बताया कि स्व सहायता समूह चलाने वाली ज्योति कुराड़िया ने बच्ची की मां को दो समूहों से 75 हजार रुपए का लोन दिलवाया था। ज्यादा समय तक कर्ज की राशि नहीं चुकाने पर दोनों के बीच अनबन चल रही थी। इसी बीच ज्योति ने रुपए वसूलने के लिए एक साजिश रची। उसने रविवार को कर्जदार महिला की बच्ची को किडनैप कर लिया। उसे घर ले आई और हाथ-पैर बांधकर एक कमरे में बंद कर दिया। परिजन ने बच्ची को काफी ढूंढा, लेकिन वह नहीं मिली। इसके बाद वे थाने पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। एसीपी देवेंद्र धुर्वे ने तुरंत टीम बनाई। बच्ची के घर के आसपास के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए। एक फुटेज में आरोपी महिला बच्ची को साथ ले जाते दिखी। सिलसिलेवार फुटेज देखने पर आरोपी की लोकेशन का पता चल गया। पुलिस ने बच्ची के परिजन को आरोपी महिला के फुटेज दिखाए तो उन्होंने उसे पहचान लिया। अपहरणकर्ता महिला की पहचान ज्योति के रूप में होने के बाद पुलिस ने उसे धर दबोचा। पहले तो उसने ना-नुकुर की लेकिन सख्ती से पूछताछ में वह टूट गई। उसने सच उगल दिया। पुलिस ने बच्ची को छुड़ाकर परिवार के सुपुर्द कर दिया।

error: Content is protected !!