उज्जैन, राष्ट्रबाण। उज्जैन में पत्नी पर चरित्र संदेह को लेकर एक पति ने अपनी पत्नी की पत्थर से पीटकर हत्या कर दी, जिसके बाद पति ने स्वयं पुलिस को सूचना दी कि उसने अपनी पत्नी की हत्या कर दी है। हैरान कर देने वाला मामला उज्जैन के तराना थाना क्षेत्र के ग्राम करंज का बताया जा रहा है। पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपित को गिरफ्तार किया है। पति विजय कई दिनों से कविता के चरित्र को लेकर शंका करता था। बुधवार शाम को दोनों के बीच किसी बात पर विवाद हो गया था। जिस पर विजय ने पत्नी कविता के सिर पर पत्थर से हमला कर दिया। जिससे उसकी मौत हो गई। हत्या करने के बाद विजय ने स्वयं डायल 100 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी कि उसने अपनी पत्नी को मार दिया है। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
दो साल पहले हुआ था विवाह
तराना टीआइ रमेश कलथिया ने बताया कि ग्राम करंज निवासी विजय परमार का करीब दो साल पूर्व मक्सी निवासी कविता से विवाह हुआ था। शादी के बाद से ही दोनों में विवाद चल रहा था। शादी के तीन माह बाद ही कविता ने पति विजय के खिलाफ दहेज प्रताड़ना की शिकायत की थी। हालांकि बाद में मामले में समझौता हाे गया था।
चार दिन पूर्व मनाया था पुत्र का जन्मदिन…
मृतका का एक वर्षीय पुत्र है। जिसका 24 सितंबर को ही जन्मदिन था। विजय व कविता ने अपने पुत्र का जन्मदिन भी मनाया था। बताया जा रहा है कि उसकी तबीयत खराब थी। जिसको लेकर कविता चाहती थी कि गांव के बजाए उसका उपचार मक्सी में हो जाए, मगर विजय नहीं चाहता था कि वह मक्सी जाए। इसको लेकर दोनों के बीच विवाद भी हुआ था। वहीं चरित्र शंका को लेकर भी दोनों आए दिन विवाद करते रहते थे।